ठूठीबारी। इंडो नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी गांव के नो मेंस लैंड के समीप सोमवार देर शाम पेट्रोलिंग के दौरान जवानों ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली तो उसके पास बोरे से शिव परिवार, लड्डू गोपाल, राधा कृष्णा की पीली धातु की छोटी-छोटी मूर्तियां बरामद हुईं।
जानकारी के अनुसार, बरामद मूर्ति का वजन 62.50 किलोग्राम बताया गया। जवानों ने मूर्ति सहित बाइक व युवक को ठूठीबारी कस्टम को सौंप दिया है। आरोपी ने अपना नाम अजय पटेल निवासी मिठौरा बताया। मूर्ति को भारतीय सीमा क्षेत्र से नेपाल के विभिन्न शहरों में महंगे दामों में बेचने की योजना थी।
एसएसबी बीओपी इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव पूजन ने बताया कि राजाबारी गांव के नो मेंस लैंड के समीप से पीली धातु की मूर्ति के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर कार्रवाई के लिए ठूठीबारी कस्टम को सुपुर्द कर दिया गया है।