नौतनवा। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा रघुनाथपुर टोला करीमदादपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सामूहिक विवाह योजना के तहत युवक से विवाह होने एवं इस मद में आने वाले सभी सरकारी योजना का लाभ लेने के बाद अब युवती और उसके परिजन ने इस शादी को ही मानने से इंकार कर दिया है।
युवक ने मंगलवार की सुबह अपनी मां के साथ नौतनवा तहसील पहुंच एसडीएम कुणाल को पत्र सौंपकर न्याय दिलाने और विवाह योजना के तहत युवती को दिए गए नकदी एवं अन्य सामग्रियों को वापस लेने की मांग की है।
शिकायतकर्ता युवक संजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र की ही निवासी एक युवती के साथ वर-वधु दोनों परिवारों की रजामंदी से उनका विवाह तय हुआ था। गत 16 जुलाई को नौतनवा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत पूरे विधि-विधान से दोनों का विवाह संपन्न हुआ।
आरोप है कि इस विवाह योजना के तहत मिले सभी सामग्रियों एवं अन्य लाभ को लेकर लड़की और उसके परिजन अपने घर चले गए और अब इस शादी को ही मानने से इंकार कर रहे हैं। काफी बातचीत के बाद भी वह अपनी ही जिद पर अड़े हुए हैं।