परिजन ने किशोर के नाबालिग होने का हवाला देकर शादी से किया इनकार
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र की एक युवती ने भिटौली थाना क्षेत्र के एक किशोर पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
सोमवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई। थाने में दोनों पक्षों के बीच चली घंटों की बातचीत के बाद भी किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन सकी। युवती का आरोप है कि किशोर ने उससे शादी का वादा किया था। इसी विश्वास में दोनों के बीच संबंध बने लेकिन अब वह और उसके परिजन शादी से इनकार कर रहे हैं।
युवती का कहना है कि उसके साथ धोखा हुआ है और उसे न्याय मिलना चाहिए। पूछताछ के दौरान भी वह शादी की मांग पर अड़ी रही। वहीं, किशोर पक्ष का कहना है कि लड़का अभी नाबालिग है और कानूनन उसकी शादी कराना संभव नहीं है। परिजन ने पुलिस को बताया कि उम्र पूरी होने से पहले विवाह नहीं कराया जा सकता।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय तक बहस होती रही लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका। वहीं इस मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक चंद्रपाल यादव ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार हैं और उन्होंने आपसी निर्णय के लिए कुछ समय मांगा है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कानूनी कार्रवाई कराने की इच्छा नहीं जताई गई है।