निचलौल। थाना क्षेत्र के सिसवा मार्ग स्थित खम्हौरा गांव के पास खड़ी ट्रक में बृहस्पतिवार को एक युवक तेज रफ्तार बाइक लेकर घुस गया। हादसे में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के खम्हौरा गांव के टोला बंजरिया निवासी उमाशंकर भारती (24) शटरिंग का काम करता था। बुधवार की रात में कहीं से शटरिंग का काम करके बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह सिसवा मार्ग स्थित खम्हौरा गांव के पास पहुंचा था। इसी बीच तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक में जा घुसी। हादसे में उमाशंकर की मौत हो गई। मृत उमाशंकर दो भाइयों में छोटा था। उमाशंकर की मौत के बाद पिता बहादुर भारती सहित अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश सिंह ने कहा की घटना की जानकारी मिली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद