ठूठीबारी एसडीएम को मांग पत्र सौपतें मजदूर यूनियन।
ठूठीबारी। गडौरा चीनी मिल मजदूर दस सूत्री मांगो को लेकर पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन के नेतृत्व में काम काज ठप कर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए हैं। देर शाम पहुंचे निचलौल एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी शिव प्रताप सिंह धरने पर बैठे मजदूरों को मनाने की कोशिश किए लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे।
शनिवार की सुबह ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के गडौरा स्थित जेएचवी शुगर मिल परिसर में मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए मिल गेट पास मजदूर अनिश्चित कालीन धरने पर बैठ गए। पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन जेएचवी शुगर मिल गड़ौरा के अध्यक्ष नवल किशोर मिश्रा ने बताया कि मिल मजदूरों की दस सूत्री मांगो को लेकर 16 दिसंबर, 5 दिसंबर, 26 दिसंबर और 30 दिसंबर को मिल प्रबंधन समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर वेतन, भत्ता, श्रम भत्ता सहित कुल 10 सूत्री मांगें रखी गई थीं लेकिन इन मांगों पर न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही कोई सकारात्मक पहल की गई। मिल प्रबंधन और प्रशासनिक अधिकारियों की उदासीनता के कारण कर्मचारियों को मजबूर होकर धरने पर बैठना पड़ा।