-शास्त्री नगर मोहल्ले का मामला, घर में अकेली थी महिला, बाइक पर सवार दो लुटेरों ने वारदात को दिया अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले में दिनदहाड़े बाइक सवार दो लुटेरों ने महिला को चाकू की नोक पर बाथरूम में बंदकर छह लाख के जेवरात और 16 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम, कोतवाली पुलिस और उच्चाधिकारी ने मामले की जांच की।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर मोहल्ले में संगीता मिश्रा का मकान है। सोमवार को सुबह उनके पति राजेश मिश्रा अपनी बीज की दुकान पर चले गए थे। घर में वह अकेली थीं। करीब आठ बजे के बाद नकाब लगाए बाइक सवार दो युवक आए। दरवाजे पर गाड़ी खड़ी कर उनके घर में घुस गए। दोनों ने चाकू दिखाकर संगीता मिश्रा को धमकाया। उन्होंने विरोध करने की कोशिश की तो चाकू से हाथ पर वार कर घायल कर दिया। इससे वह भयभीत हो गईं। घर में रखा करीब छह लाख रुपये के जेवरात और 16 हजार की नकदी लूट लिए। इसके बाद लूटेरों ने महिला की पिटाई कर बाथरूम में बंदकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि मौके पर जांच की गई है। पांच टीमें मामले की जांच कर रही हैं। जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा।
-
घर में रखी नकदी और जेवरात दे दो, नहीं तो तुम्हारी आंखें फोड़ दूंगा
-खून से सनी साड़ी, दीवार पर खून के छीटें देखकर सहम गए पड़ोसी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। शहर के शास्त्री नगर मोहल्ले में बाइक सवार लुटेरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया है। लुटेरों की दहशत से महिला कुछ देर तक बोल भी नहीं पा रही थी। लुटेरों ने कहा कि जेवरात और नकदी जल्दी से दे दो नहीं तो तुम्हारी आंखें फोड़ दूंगा।
घटना के बाद हालात सामान्य होने पर संगीता मिश्रा ने पूरी कहानी बयां करते हुए फफक पड़ी। उन्होंने बताया कि लुटेरे दो की संख्या में थे। दोनों मुंह पर नकाब लगाए थे। दोनों की उम्र करीब 30 से 35 साल के बीच रही होगी। उन्होंने बताया कि घर के अंदर दाखिल होते ही लुटेरों ने सबसे पहले मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। चिल्लाने की कोशिश की तो एक ने मुंह बंदकर दिया तो दूसरे ने चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। चाकू देखकर भी हिम्मत नहीं हारी, विरोध करने की कोशिश की तो चाकू से हाथ पर वार कर दिया।
यह देख सहम गईं। इसके बाद कुछ बोलने की हिम्मत नहीं हो रही थी। लुटेरों ने बोला की खामोश रहो, नहीं तो चाकू से दोनों आंखें फोड़ दूंगा। घर में रखा जेवर नकदी लाओं। यह सुनकर कुछ समझ में नहीं आ रहा था। इसके बाद लुटेरे कमरे तक घसीटते हुए लेकर गए। इसके बाद घर में रखी नकदी और जेवरात लूटकर बाथरूम में बंद कर दिया। अंदर करीब 20 मिनट तक बंद रही। बाथरूम में एक ईंट पड़ी थी, उसी से लाक तोड़कर बाहर आई और पड़ोसी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पति भी दुकान से आए और पुलिस को सूचना दी गई। संगीता मिश्रा के बेटे अतुल मिश्र देहरादून में नौकरी करते हैं। बहू प्रशंसा मिश्रा भी कस्तूरबा में शिक्षक पद पर तैनात हैं।
पडोसी डॉ.आशीष कुमार मिश्र कहते हैं कि लुटेरे आसानी से फरार हो गए, मोहल्ले में किसी को भनक तक नहीं लगी। इस घटना के बाद सुरक्षा को लेकर भय लग रहा है।
वारदात के चार घंटे बाद पहुंची पुलिस
शास्त्री नगर में लूट की घटना सुबह आठ के करीब बताई जा रही है, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे पुलिस पहुंची। घटना स्थल पर एसपी सोमेंद्र मीणा, सदर कोतवाल राहुल शुक्ला, क्राइम ब्रांच की टीम, नगर चौकी इंचार्ज समेत अन्य कर्मी पहुंचे और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।