एक अप्रैल से होगी गेहूं की खरीद, पंजीकरण कराएं किसान
महराजगंज। न्यूनतम समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत गेहूं (क्रय वर्ष 2022-23) की खरीद के लिए समय सारिणी जारी कर दी गई है। एक अप्रैल से पंजीकृत किसान केंद्रों पर अपने गेहूं की बिक्री कर सकेंगे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि क्रय केंद्रों पर पंजीकृत किसान ही अपने गेहूं को बेच सकेंगे। ऐसे में किसान समय से अपना पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। किसान अपना पंजीकरण स्वयं, जन सूचना केंद्र अथवा साइबर कैफे के माध्यम से कराना सुनिश्चित कर सकते हैं। जिले में गेहूूं की खरीद के लिए अपर जिलाधिकारी को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। जल्द ही क्रय केंद्रों का निर्धारण कर लिया जाएगा।
खाद्य विपणन अधिकारी ने बताया कि 15 मार्च तक क्रय केंद्र प्रभारियों की एक कार्यशाला भी होगी। 20 मार्च तक सभी क्रय एजेंसियों को क्रय केंद्रों पर कंप्यूटर, लैपटाप, इलेक्ट्रानिक डिवाइस, इंटरनेट व अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। 25 मार्च तक जिम्मेदारों की ओर से क्रय केंद्रों के क्रियान्वयन व उसके भौतिक क्रियाशीलता की रिपोर्ट भी प्राप्त की जाएगी।