निचलौल। थाना क्षेत्र के खोन्हौली गांव के सीवान में सोमवार को हाईटेंशन तार से गिरी चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। इस दौरान कई किसानों के करीब पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। गनीमत रहा कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे अग्निशमन के कर्मियों ने लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया।
घटनास्थल पर मौजूद ग्राम प्रधान अंबरिश पासवान, हरिद्वार, संजीव गुप्ता, राजकुमार ने बताया कि खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी है। इसी बीच सोमवार को करीब 11.30 बजे खेत के बीच से होकर गुजरी हाईटेंशन तार से अचानक चिंगारी गिरी। इसके कुछ देर बाद खेत से धुआं उठने के साथ ही भयावह लपटें निकलने लगीं। ऐसे में खेत में आग लगने की घटना को लेकर चारों तरफ चीख पुकार मच गई।
मौके पर जुटे लोग आग पर काबू पाने के लिए प्रयास करने में जुट गए। इतना ही नहीं आग पर काबू पाने के लिए ट्रैक्टर और रोटावेटर का भी सहारा लेना पड़ा, लेकिन आग की भयावह लपटों के चलते वह लोग बेबस हो गए। इसी बीच मौके पर अग्निशमन के कर्मी वाहन लेकर आ पहुंचे। उसके कुछ देर बाद आग पर काबू पा लिया गया। जब तक गांव निवासी धनपाल, अजय, सुमन, मार्कण्डेय सहित अन्य किसानों का करीब पांच एकड़ गेहूं का फसल जलकर राख हो गया।
आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं फसल जलने वाले किसानों के परिवार में कोहराम मचा हुआ था। इस संबंध में एसडीएम शैलेंद्र गौतम ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। आग पर काबू पा लिया गया है। मौके पर लेखपाल संजीव कुमार को भेजा गया है। सर्वे कर किसानों को नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।