महराजगंज। उमस भरी गर्मी लोगों को बीमार बना रहा है। सबसे ज्यादा इसकी चपेट में बच्चे आ रहे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में मंगलवार को चर्म रोग, निमोनिया डायरिया, बुखार, पेट दर्द, उल्टी- दस्त से पीड़ित करीब 750 मरीज पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच कर सतर्कता बरतने की सलाह दी।
चिकित्सकों के अनुसार, डायरिया और बुखार की चपेट में बच्चे सबसे अधिक आ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में भीड़ लगी रही। डॉक्टर से परामर्श लेने के लिए घंटे भर इंतजार करना पड़ा। यही हाल पर्ची काउंटर भी रहा। मौसमी बीमारियों की चपेट में आने से लोग परेशान हो रहे हैं। आयुष अनुभाग के डॉ.अनिल कुमार ने बताया कि ज्यादातर लोग गैस, बदहजमी से पीड़ित आ रहे हैं।
स्टोर में जरूरी दवाएं हैं। मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विशाल चौधरी ने बताया कि बदलते मौसम में बच्चों की देखभाल ठीक ढंग से करने की जरूरत है। ज्यादा ठंडे पदार्थों का सेवन बच्चों को न करने दें। ताजा भोजन देने के साथ ही स्वच्छ पानी के सेवन पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि इस समय थोड़ी सी लापरवाही बच्चों की सेहत पर भारी पड़ सकती है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.एपी भार्गव ने बताया कि अस्पताल आने वाले मरीजों का बेहतर ढंग से इलाज किया जा रहा है। मौसमी बीमारियों से पीड़ित अधिक मरीज इन दिनों आ रहे हैं। अस्पताल में सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं।