निचलौल। शहर स्थित स्टेट बैंक चौराहा पर मंगलवार को लाइन ठीक करते समय एक संविदा लाइनमैन झुलस गया। लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, शहर के स्टेट बैंक चौराहा पर लाइट खराब होने के कारण विद्युत आपूर्ति कई घंटों से बाधित थी। जिसे ठीक करने के लिए बिजली विभाग की टीम पहुंची थी। निचलौल विद्युत उपकेंद्र के शहरी फीडर पर तैनात संविदा लाइनमैन रामस्नेही (30) निवासी नर्सरी 27 बगैर सुरक्षा किट के ही विद्युत पोल पर चढ़ गए और गड़बड़ी दुरुस्त करने लगे। इसी बीच संविदा लाइनमैन अचानक करंट की चपेट में आकर झुलस गया।
गनीमत रहा की करंट की चपेट में आते ही लाइनमैन विद्युत पोल से झटका खाकर नीचे गिर पड़ा। लोगों ने उसे सीएचसी निचलौल में भर्ती कराया। अस्पताल पहुंचे झुलसे लाइनमैन के परिजनों में चीख पुकार मच गई। वहीं लोगों का कहना है कि बीते दिनों विद्युत उपकेंद्र पर हुए हादसे के बाद भी विभाग के जिम्मेदार सबक नहीं ले रहे है। लाइनमैनों को बगैर सुरक्षा किट के ही विद्युत पोल पर चढ़ाकर उनकी जान के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।
विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ आशीष विष्ट ने कहा की हादसे की जानकारी मिली है। विद्युत पोल पर लाइट ठीक करने के दौरान हादसा हुआ है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर से वार्ता कर संविदा लाइनमैन के स्वास्थ्य की जानकारी ली गई है। लाइनमैन ठीक हालत में है।