निचलौल। ब्लॉक परिसर में बिखरे मिले आयरन सिरप के मामले में शुक्रवार को मुख्य चिकित्साधिकारी ने कार्रवाई करते हुए सीएचसी अधीक्षक को जहां चेतावनी पत्र दिया है।
वहीं वार्ड बॉय को बर्खास्त कर दिया है। जबकि एक एएनएम का एक वार्षिक वेतन वृद्धि बाधित किया गया है। वहीं दूसरे एएनएम और एक फार्मासिस्ट का एक वर्ष का 05 प्रतिशत वार्षिक मानदेय बढ़ोतरी बाधित किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि 27 मार्च को सेवा सुरक्षा सुशासन दिवस मनाया जा रहा था। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में तैनात वार्ड बॉय मुकेश गुप्ता, एएनएम पूनम मद्धेशिया और सरिता कुशवाहा के साथ ही श्रीनिवास पटेल फार्मासिट मेन स्ट्रीमिंग आफ आयुष कार्यक्रम (संविदा) की ड्यूटी ब्लॉक सभागार में लगाई गई थी। जहां पर आयरन सिरप फेंकने का मामला संज्ञान में आया था।
इस मामले में सीएचसी अधीक्षक को नोटिस भेज 24 घंटे के अंदर जांच कर जवाब मांगा गया था। वहीं अधीक्षक की जांच रिपोर्ट में वार्ड बॉय मुकेश गुप्ता की लापरवाही मिली।
इस मामले में वार्ड बॉय मुकेश गुप्ता को बर्खास्त कर उनके स्थान पर अन्य किसी वार्ड बॉय की तैनाती करने के लिए मेसर्स अवनी परिधी एनर्जी एंड कम्यूनिकेशन, प्राइवेट लिमिटेड 16/34, सरोजनी नायडी मार्ग, उत्तर प्रदेश लखनऊ को पत्र भेजा गया है।
वहीं एएनएम पुनीता मद्धेशिया, सरिता कुशवाहा और फार्मासिस्ट श्रीनिवास पटेल की ओर से स्वास्थ्य विभाग का स्टाल हेल्थ कैंप में महिलाओं को औषधियों का वितरण किया जाना था, लेकिन राजकीय कार्यों में घोर लापरवाही बरती गई।
ऐसे में एएनएम पुनीता का वेतन वृद्धि बाधित करने के लिए आदेश दिया गया है, जबकि एएनएम सरिता और फार्मासिस्ट श्रीनिवास पटेल का एक वर्ष का 05 प्रतिशत वार्षिक मानदेय बढोत्तरी बाधित करने का आदेश दिया गया है। वहीं प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने के मामले में सीएचसी अधीक्षक डॉ. उमेश को चेतावनी दी गई है।