महराजगंज। अब परिवहन निगम की बस रोककर टिकट और लोडिंग की जांच नहीं होगी। बल्कि निरीक्षक चलती बस में कहीं से सवार होकर जांच करेंगे। यात्रियों के समय की उपयोगिता को देखते हुए परिवहन निगम ने आदेश पत्र जारी किया है।
महराजगंज डिपो के पास कुल 67 बसें हैं जो विभिन्न मार्गों पर संचालित होती हैं। डिपो के हिस्से में तीन जांच अधिकारी निर्धारित हैं जो क्षेत्रीय कार्यालय गोरखपुर के अधीन हैं। रोडवेज में पहले अधिकारियों की टीम बसों को रास्ते में रोककर चेकिंग करती थी। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होती थी।
अब अधिकारी अपने वाहन से रास्ते में पहुंचेंगे और बस को रोककर उसमें सवार हो जाएंगे। चलती बस में टिकट और लोड की जांच-पड़ताल करेंगे। जांच अधिकारी को ब्रीथ एनालाइजर दिया जाएगा, जिससे चालक-परिचालक के नशे में होने की जांच भी होगी। इस संबध में एआरएम सर्वजीत सिंह ने बताया कि राज्य परिवहन निगम प्रबंधक की तरफ से बसों को रोककर जांच न करने का आदेश जारी हुआ है। संवाद