कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत सभी थानों में किया गया जनसंवाद
महराजगंज। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे कम्युनिटी पुलिसिंग अभियान के तहत बुधवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में जनसंवाद एवं गोष्ठी कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना रहा।
अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें गांवों में पहुंचीं और बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य ग्रामीणों के साथ बैठकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को गंभीरता से सुना।
गोष्ठी के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया गया।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचने के उपाय बताए। ग्रामीणों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आपराधिक सूचना या आपात स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।