लक्ष्मीपुर। लक्ष्मीपुर बाजार स्थित सरकारी कृषि गोदाम पर गेहूं का बीज निर्धारित मूल्य से अधिक दाम पर बेचने का आरोप लगा है। किसानों का कहना है कि गेहूं के बीज के साथ कीटनाशक दवाएं और अन्य सामग्री भी दी जा रही है, जिसकी उन्हें आवश्यकता नहीं है।
बृहस्पतिवार को गोदाम खुलते ही बीज की कीमत को लेकर किसानों ने आरोप लगाना शुरू कर दिया। किसान संजय त्रिपाठी, विजय, राकेश गुप्ता और समीम खां समेत कई किसानों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी बीज निर्धारित दरों और नियमों के अनुसार मिलना चाहिए।
वहीं, गोदाम प्रभारी विपिन चौधरी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसानों को नियमानुसार निर्धारित मूल्य पर ही बीज दिया जा रहा है। बीज के साथ जरूरी कीटनाशक दवाएं, बीजशोधक सामग्रियां भी दी जा रही हैं। इस संबंध में कृषि उपनिदेशक संजीव पटेल ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।