महराजगंज। सदर ब्लॉक के बागापार गांव के नाई टोला से जिला मुख्यालय जाने वाले मार्ग पर स्थित रेहांव नाले पर पुल निर्माण की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पुल नहीं होने से कई गांवों के करीब 20 हजार लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीण रवींद्र जैन ने बताया कि बागापार, कटहरा, बड़हरा रानी, लखिमा थरुआ, सरडीहा, जंगल फरजंदअली, जनकपुर, विशुनपुरवा, बटौरा, शिवपुर और बरगदवा समेत दर्जनों गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में दिक्कत होती है। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन में शामिल प्रमोद कुमार, गणेश, दीनानाथ, गुदरी, हरी और रामनिवास ने कहा कि पुल निर्माण क्षेत्र की प्रमुख जरूरत है। ग्रामीणों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।