परतावल। कतरारी क्षेत्र के ग्राम ऊटी टोला लिखिअहवा के ग्रामीणों ने मंगलवार को जर्जर 25 केवीए ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग को लेकर कतरारी विद्युत उप केंद्र पर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण राजेश पासवान, नारी सिंह, राजेंद्र पांडेय ने कहा कि पिछले करीब एक वर्ष से ट्रांसफार्मर से पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रहा है। लो वोल्टेज के कारण लगभग 70 उपभोक्ताओं के घरों में पंखा, कूलर, फ्रिज, मोटर समेत अन्य बिजली उपकरण खराब हो गए। महमूद शेख, हारून, चंद्रदेव, अमीरुद्दीन, चिंतामणि चौहान ने कहा कि मई-जून से ही ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब पड़ा है। इसके चलते शेष दो फेजों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है और आए दिन ट्रिपिंग की समस्या हो रही है।
इसकी शिकायत विभाग से कई बार की गई। लाइनमैन ने दो बार ट्रांसफार्मर खोलकर जांच भी की लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर किस्मती, गुड्डी, राम बहाल, रामधानी, बाबूनंदन यादव, मुकेश पांडेय, दुर्गावती पांडेय, जमुना पांडेय, मेवाती, सिताब पासवान, संध्या पासवान, कृष्णा पासवान आदि की मौजूदगी रहे।