मानकविहीन सड़क निर्माण पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
परतावल (महराजगंज )। जिला पंचायत विभाग की तरफ से जीएम मार्ग से ग्राम पंचायत बनकटिया तक बनाए जा रहे मानक विहीन संपर्क मार्ग को लेकर नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को जयगोविंद सिंह के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि मानक विहीन निर्माण होने से सड़क बहुत जल्द ही उखड़ कर फिर से खराब हो जाएगी।
जयगोविंद सिंह ने कहा कि जीएम मार्ग से बनकटिया तक बनाए जा रहे सम्पर्क मार्ग में मानक विहीन सामग्री का प्रयोग होने पर प्रदर्शन किया गया। आरोप है कि बनाए जा रहे सम्पर्क मार्ग में बजरी के जगह मिट्टी का प्रयोग किया जा रहा है। तारकोल का ही प्रयोग मानक अनुसार नहीं हो रहा है। सड़क की मोटाई भी न के बराबर है। इस तरह से बगैर गुणवत्ता पूर्ण सड़क के निर्माण से सड़क बहुत जल्दी फिर से उखड़ कर खराब हो जाएगी। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी।
इस दौरान विनीत चौहान, राजेश चौहान, रामलाल, गोविन्द यादव, सुनील यादव, विन्द्रेश यादव, बबलू, नाथू यादव आदि मौजूद रहे। जिला पंचायत की अवर अभियंता दुर्गावती देवी ने बताया कि ठेकेदार को मानक के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि अनियमितता पाई जाती है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मानक विहीन नाला निर्माण से ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
बरगदवां (महराजगंज )। कस्बे के नौतनवां-ठूठीबारी मार्ग पर नाला निर्माण में धांधली का आरोप लगाकर प्रदर्शन करते हुए लोगों ने जिलाधिकारी से इसकी शिकायत की। मानक के अनुसार काम करने के लिए ठेकेदार से अनुरोध किया गया। बाबुनन्दन शर्मा, मनोज कसौधन, उमेश चंद, हबीब, संतोष यादव, राजेश गौतम, रामेश्वर रौनियार ने कहा कि कस्बे में नौतनवां ठूठीबारी मार्ग पर जिला पंचायत निधि से 1.67 करोड़ की लागत से 1260 मीटर नाला निर्माण हो रहा है। लेकिन मानक का ख्नायाल नहीं रखा जा रहा है। जिला पंचायत के अवर अभियंता प्रीतम सिंह ने बताया कि यदि मानक विहीन नाला का निर्माण हो रहा है, तो जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।