महराजगंज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट परिसर में अश्लील भोजपुरी गाना बजने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने मामला प्रकाश में आया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को विद्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान परिसर में भोजपुरी का आपत्तिजनक गाना बजाया गया। कार्यक्रम का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। ग्रामीणों ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। इस बाबत उच्च प्राथमिक विद्यालय पिपरा सोहट के प्रधानाध्यापक दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि आरोप निराधार है। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीपुर सुदामा ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। प्रकरण की जांच कराई जाएगी।