नौतनवा। नगर के गांधी चौक के निकट स्थित उस्मान नगर वार्ड में इलेक्ट्रानिक की दुकान में किशोरी का गल्ले से मोबाइल और नकदी चोरी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना शनिवार की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, गांधी चौक पर अमन जायसवाल की घर और इलेक्ट्रानिक की दुकान है। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम करीब 7 बजे वह दुकान से घर में पानी पीने के लिए गए थे। इतने में एक किशोरी दुकान में घुस गई और गल्ले में रखा 13 से 14 हजार रुपये नकदी एवं मोबाइल लेकर फरार हो गई। जब वह वापस दुकान में आए तो गल्ला खुला देख उन्हें संदेह हुआ और उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो मामला उजागर हुआ। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी वीडियो को विभिन्न सोशल मीडिया के प्लेटफार्म पर वायरल करने के दौरान किशोरी नगर के ही एक प्रतिष्ठान में पकड़ ली गई। किशोरी को पकड़ने के बाद लोग थाने पर ले गए, यहां जांच के दौरान उसके पास से चोरी के रुपये और मोबाइल बरामदगी हुई।
चौकी प्रभारी छोटेलाल के अनुसार, दुकान स्वामी लड़की को नाबालिग होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं चाहते थे। लड़की नौतनवा में अपनी ननिहाल आई थी। हिदायत देते हुए किशोरी के परिजनों को बुलाकर उसे उनके हवाले कर दिया गया। संवाद