तीन दिन के अंदर शौचालय निर्माण की सत्यापन रिपोर्ट तलब
खंड प्रेरकों की बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने खंड प्रेरकों से तीन दिन के अंदर सत्यापन कर शौचालय के निर्माण की रिपोर्ट मांगी है। उन्हें व्यक्तिगत तौर पर निर्माण कार्य की स्थिति का सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। सत्यापन रिपोर्ट के बाद ही लाभार्थियों को दूसरी किस्त भेजी जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी कृष्ण बहादुर वर्मा ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में खंड प्रेरकों की बैठक की। उन्होंने लक्ष्मीपुर ब्लॉक के खराब प्रगति पर नाराजगी जताई। खंड प्रेरक को निर्देशित किया कि वह आवास के लाभार्थियों का सत्यापन करते हुए अविलंब उनका विवरण प्रस्तुत करें। उन्होंने सभी खंड प्रेरकों से कहा कि शौचालय का पूर्ण रूप से निर्माण कराने के उपरांत दूसरी किस्त की मांग की जाए। ग्राम पंचायतों में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने की पहल की जाए। इस दौरान सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी नित्यानंद, जिला परियोजना प्रबंधक एके उपाध्याय, खंड प्रेरक विनय शर्मा, संतोष पटेल, अवधेश आदि मौजूद रहे।