निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र के बंदी विशुनपुरा गांव में बन रहा आरआरसी भवन धांधली की भेंट चढ़ गया है। यही कारण है कि करीब पांच महीने बाद भी भवन का निर्माण अधूरा पड़ा है।
इतना ही नहीं अधूरे आरआरसी भवन में जिम्मेदारों की ओर सब्जियां उगा दी गईं। यहां तक कि सब्जियों को बेहतर तरीके से उगाने के लिए भवन के अधूरे पिलर की सरिया को मोड़ कई जगहों पर बांस रख गया गया है। जिम्मेदारों के इस करतूत को लेकर क्षेत्र में काफी चर्चा है।
फिलहाल विभाग के अधिकारियों को मामले की भनक लगी तो जांच टीम गठित कर दी गई है। गांव से निकलने वाले कूड़े के ढेर को एकत्रित करने के लिए जिम्मेदारों की ओर से गांव के पूरब तरफ करीब पांच माह पहले 5.65 लाख रुपये खर्च कर आरआरसी भवन का निर्माण शुरू कराया गया था जो धांधली की भेंट चढ़ चुका है।
यही कारण है कि पांच महीने बाद भी भवन के नींव से करीब चार फीट ऊंची दीवार और आठ फिट पिलर खड़ा होने के बाद निर्माण ठप पड़ा हुआ है।
हालांकि निर्माण के नाम पर जिम्मेदारों की ओर से रकम की निकासी की जा चुकी है। ऐसे में अब आरआरसी भवन के बरसात के दिनों में उगने वाली सब्जियों को लगा दी गई है। सब्जियों से बेहतर फल लेने के लिए भवन के पिलरों की सरियों को मोड़ बांस रख दिया गया है।