र्इंट, चप्पल रखकर टीकाकरण के लिए लगा रहे कतार
- भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को करनी पड़ रही मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में टीकाकरण के दौरान होने वाली दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही है। स्वास्थ्य केंद्रों पर टीका लगवाने के लिए लोग सुबह छह बजे से ही नंबर लगा रहे हैं। नंबर लगाने के लिए लोग ईंट, चप्प्ल आदि कतार में रख रहे हैं। वहीं स्वास्थ्य केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रण करने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
सोमवार को महिला अस्पताल पर नंबर लगाने के लिए लोग सुबह सात बजे से ही पहुंचने लगे थे। वहीं विदेश जाने वाले लोगों ने सीएमओ से मिलकर टीका लगवाने की मांग की। इस बीच कुछ लोगों को सीएमओ कार्यालय में शोरगुल भी किया। लेकिन उन्हें समझाकर शांत करा दिया गया। सीएमओ डॉ. एके श्रीवास्तव ने कहा कि सदर सीएचसी अधीक्षक को इस संबंध में आवश्यक निर्देश दिया गया है।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी पर टीका लगवाने के लिए पहुंची अनियंत्रित भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी। कोरोनारोधी टीकाकरण के लक्ष्य से ज्यादा लोगों के पहुंचने से प्रशासन को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 6 बजे से ही लोग पहुंचने शुरू हो गए। कतार में खड़े लोग अचानक धक्का-मुक्की करने लगे। थोड़ी ही देर में भीड़ अनियंत्रित हो गई। लोगों को शांत करने के लिए पुलिस ने सख्ती की।
सिसवा क्षेत्र के रामदेव, बाके, सुनीता, गुड्डी, कलावती, रीता, रमावती ने कहा कि अपनी बारी के इंतजार में सुबह 6 बजे से लाइन में हूं। असमन छपरा निवासी वीरेंद्र विश्वकर्मा व विनोद ने कहा कि लगातार पांच दिन से टीका लगवाने आते हैं, लेकिन भीड़ के वजह से रोज वापस जाना पड़ता है। डॉ. ईश्वरचंद विद्यासागर ने कहा कि लोगों को धैर्य रखने की जरूरत है। टीका सभी को लगाया जाएगा। इसमें परेशान होने की जरूरत है। चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चौक बाजार के डॉ. रामस्वरूप ने बताया कि सोमवार को कुल दो सौ लोगों को टीका लगाया गया।
गर्मी से तबीयत बिगड़ी
सिसवा बाजार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोनारोधी टीका लगवाने पहुंचे कई लोगों की गर्मी से उल्टी होने लगी। बसडीला गांव की सैफुन्न निशा (22), मुड़ेरी की ज्ञानती देवी (55) व गौनारिया के बृजलाल को उल्टी शुरू हो गई। अस्पताल से दवाई लेकर परिजन बिना टीका लगवाए घर चले गए।
धक्का-मुक्की के दौरान एएनएम घायल
नौतनवां। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर में सोमवार ज्यादा भीड़ जुट गई। भीड़ के बीच गेट खोलने के दौरान धक्का-मुक्की में एएनएम माया चौधरी गिरकर घायल हो गईं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि टीका लगवाने के लिए अधिक संख्या में भीड़ जुट गई जिससे धक्का-मुक्की में एएनएम घायल हो गई। अनियंत्रित भीड़ को देखते हुए टीकाकरण नहीं किया गया। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम कराने के बाद टीकाकरण होगा।
कोरोना का एक भी मरीज नहीं मिला
महराजगंज। जिले में सोमवार कोरोना का एक भी केस नहीं मिला। 672 सैंपल जांच के लिए भेजा गया। अब तक जिले में 12,376 केस सामने आ चुके हैं। जिसमें 6 केस सक्रिय हैं। मरने वालों की संख्या 136 है। स्वस्थ होने वालों की संख्या बढ़कर 12,233 हो चुकी है। इन दिनों कोविड-19 अस्पताल में कोई मरीज भर्ती नहीं है। यह जानकारी उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने दी।
टीका लगवाने के नाम धनउगाही का आरोप
लक्ष्मीपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर परिसर में सोमवार को कोरोनारोधी टीकाकरण के दौरान हंगामा हो गया। लक्ष्मीपुर सोनारी मोहल्ला निवासी प्रफुल्ल गुप्ता ने बताया कि भीड़ का फायदा उठा कर कुछ लोग टीका लगवाने के नाम पर धनउगाही कर रहे थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय, डॉ. मनीष सिंह आदि ने पहुंचकर मामले को शांत कराया। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि ग्राम बड़हरा शिवनाथ व एकमा के दो युवक कुछ लोगों से टीका लगवाने के नाम पर पैसा मांग रहे थे। जिसकी सूचना थानाध्यक्ष को लिखित में दे दी गई है। थानाध्यक्ष रवि राय ने युवकों को चेतावनी देकर छोड़ देने की पुष्टि की है।