टीकाकरण महाअभियान पर भारी पड़ी भीड़
- स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह से ही पहुंचने लगे लोग, चप्पलें रखकर लगाई लाइन
- 33 हजार के सापेक्ष 37156 लोगों को लगा कोरोनारोधी टीका
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जनपद में टीकाकरण महाअभियान में बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे। कई केंद्रों पर सुबह से ही लोग पहुंचने लगे थे। वहीं कुछ केंद्रों पर चप्पलें रखकर लाइन लगाई गई। जिले में 33 हजार टीका लगाने का लक्ष्य था। 37,156 लोगों को टीका लगाया गया।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार कोरोनारोधी टीका लगवाने के लिए मंगलवार को केंद्रों पर सुबह छह बजे से ही कतार लगनी शुरू हो गई। लोग सुबह ही केंद्र पर पहुंचकर चप्पलें व रुमाल रखकर लाइन लगाए। वहीं चिलचिलाती धूप में घंटों अपने बारी के इंतजार में लोग खड़े रहे। लोगों की सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मियों के साथ सेठ आनंदराम जयपुरिया के एनसीसी कैडेट भी लोगों की मदद करने में जुटे हुए थे। मंगलवार को फरेंदा क्षेत्र के 13 केंद्रों पर कैंप लगाया गया। जहां पर करीब 3300 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। 13 केंद्रों में सीएचसी बनकटी, खजुरिया, झुनुआ, महदेवा दुबे, उदितपुर, सोनबरसा, रतनपुर खुर्द, गोपलापुर तप्पा सुम्हाखोर, मनिकौरा, पिपरामौनी, आनंदनगर शहर, धानी ढाला, फुलवरिया आदि जगहों पर टीकाकरण किया गया। क्षेत्र के हरिश्चंद, हरीराम, बेलास, पराग, इमरीता देवी, गुलईची, नीलम, रीमा, बेचू आदि लोगों ने बताया कि टीकाकरण के लिए कतार लगाने के लिए सुबह छह बजे के पहले ही आ गए थे।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार नगर के जयहिंद चौराहा स्थित क्रय विक्रय समिति, गुरद्वारा श्री गुरु सिंह सभा एवं हनुमान चौक पर सुबह करीब सात बजे से ही लोगों की भीड़ दिखी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस, पीआरडी एवं एनसीसी के जवान मुस्तैद रहे।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार कोविड-19 टीकाकरण को लेकर क्षेत्र के मधुबनी, पड़री कला, सेखुई व वनग्राम कंपार्ट 26, 27 व 28 में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। लोगों ने धूप में खड़े होकर लोग अपने अपना नंबर आने का इंतजार करते रहे। पड़री कला में लोगों की भीड़ को बेकाबू देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को दो घंटे के लिए टीकाकरण रोकना पड़ा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर टीकाकरण शुरू किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. विपिन कुमार शुक्ला ने बताया कि ग्राम सभा मधुबनी में तीन सौ, पड़री कला में तीन सौ, सेखुई में तीन सौ व वनग्राम कम्पार्ट 26, 27 व 28 में तीन सौ लोगों का स्लॉट बुक कर टीकाकरण किया गया।
पनियरा प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वीर विक्रम सिंह ने बताया कि न्यू पीएचसी लक्ष्मीपुर में 89, महदेइया में 64, सोहरौना में 70 और राजमंदिर में 56 लोगों को टीका लगाया गया है।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के ग्राम सभा सेखुई व पड़री कला कोविड टीकाकरण मेगा कैंप का नोडल अधिकारी कृषि विभाग के एडीओएजी सुरेंद्र मिश्रा ने मंगलवार को निरीक्षण किया।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लक्ष्मीपुर पर ऑनलाइन स्लॉट बुक कराने वालों का टीका लगा। अधीक्षक डॉ. दिवाकर राय ने बताया कि 2500 का लक्ष्य मिला। जिसे शत प्रतिशत पूरा कर लिया गया।
डीएम ने किया मुआयना
महराजगंज। जिलाधिकारी डॉ. उज्ज्वल कुमार ने जनपद में आयोजित मेगा वैक्सिनेशन कार्यक्रम के निरीक्षण के संदर्भ में डेडिकेटेड कोविड सेंटर और मेट्रो कॉन्वेंट स्कूल निचलौल का दौरा किया गया। मेगा वैक्सिनेशन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद के 12 सीएचसी और एमसीएच समेत 132 जगहों पर टीकाकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों का टीकाकरण कर कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोकना है।
कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला
महराजगंज। जिले में मंगलवार को कोई पॉजिटिव केस नहीं मिला। 1497 सैंपल जांच के लिए भेजा गया। अब तक 12380 केस सामने आ चुके हैं। जिसमें सक्रिय महज 6 है। वहीं मरने वालो की संख्या 136 है। 12236 लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। यह जानकारी उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईए अंसारी ने दी।