आज आएंगे अपर मुख्य सचिव, कार्यक्रमों में करेंगे प्रतिभाग
महराजगंज। अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास, पंचायती राज व राजस्व विभाग मनोज कुमार सिंह मंगलवार को जिले के भ्रमण पर आएंगे। उनके साथ अपर व उपनिदेशक स्तर के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि अपर मुख्य सचिव को अपराह्न दो बजकर 45 मिनट पर जिले में पहुंचेंगे। चौदहवें वित्त आयोग के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2017-18 के आवंटित परफॉरमेंस ग्रांट की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी जिसमें प्रशासनिक व विभागीय जिम्मेदार मौजूद रहेंगे। बाढ़ से हुए फसल व जानमाल के नुकसान व मुआवजा वितरण को लेकर लाभार्थियों से वार्ता की जाएगी। शाम चार बजे से जिला पंचायत द्वारा हाटमिक्स से निर्मित सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। बीसी सखी से मुलाकात के उपरांत किसी ग्राम में सामुदायिक व व्यक्तिगत शौचालय का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाएगा।
परतावल ब्लॉक में तैयारियों में जुटा पंचायत राज विभाग
अपर मुख्य सचिव को जिले में भ्रमण के दौरान किसी एक ग्राम का निरीक्षण कराने के मद्देनजर परतावल ब्लॉक में तैयारियों पर विशेष जोर दिया गया है। विभागीय जिम्मेदार श्यामदेउरवा व अन्य ग्रामों में सफाई, छिड़काव व फागिंग आदि पर विशेष जोर दिया जा रहा है।