संवाद न्यूज एजेंसी परतावल। भिटौली थाना क्षेत्र के जगदीशपुर के पास सोमवार को दो टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु इटहिया से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जगदीशपुर के पास सोमवार को दोपहर बाद दोनों टेंपो आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस टक्कर में टेंपो सवार मथौली बाजार निवासी जानकी देवी (42), अंबरीष पांडेय (49), अमूल्य पांडेय, मंजू देवी (42) व सुंदरी तिवारी (36) निवासी धरमौली, घायल हो गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को टेंपो से बाहर निकालकर सीएचसी परतावल ले गए। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि चार घायलों को सामान्य चोटें आई थीं, जिनका प्राथमिक उपचार कर दिया गया। जबकि जानकी देवी के ललाट पर गहरी चोट होने के कारण टांके लगाए गए। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।