फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharajganj News: डूबती महिला को बचाने के लिए नहर में कूदे दो छात्र, किया रेस्क्यू

विज्ञापन
देवरिया शाखा नहर में डूबती महिला को बाहर निकालते स्कूली छात्र व अन्य।
विज्ञापन

विज्ञापन
स्कूली ड्रेस में तेज बहाव के बीच लगाई छलांग, कड़ी मशक्कत के बाद महिला को सुरक्षित निकाला

नारायणी नदी की देवरिया शाखा नहर के सात-पांच पुल से नहर में कूदी थी महिला

निचलौल। नारायणी नदी की देवरिया शाखा नहर के सात-पांच पुल पर शुक्रवार को दो छात्रों ने नहर में छलांग लगा दी डूबती महिला को बचा लिया। परिजन के विवाद के बाद महिला अचानक नहर में कूद गई थी। घटना का वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग छात्रों के साहस की सराहना कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कोठीभार थाना क्षेत्र के जहदा गांव निवासी करीब 30 वर्षीय महिला शुक्रवार को परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सात-पांच पुल पर मौजूद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बातचीत के दौरान महिला का साथ आए लोगों से विवाद हो गया। इसी बीच महिला ने अपना मोबाइल सड़क पर पटक दिया और दौड़कर देवरिया शाखा नहर के पुल पर पहुंच गई। परिजन कुछ समझ पाते इससे पहले ही उसने नहर में छलांग लगा दी।
विज्ञापन

महिला को नहर में डूबता देख मौके पर चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में राहगीरों समेत बड़ी संख्या में लोग जुट गए। नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण कोई भी उसमें उतरने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। इसी दौरान मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज के कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई और सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल ने महिला को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। दोनों छात्रों ने महिला को संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद उसे नहर के किनारे तक पहुंचाया।
इसके बाद अन्य लोगों ने सहयोग कर महिला को बाहर निकाला। इस घटना का किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद दोनों छात्रों के साहस की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है।
विज्ञापन

घटना की जानकारी होने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य फादर प्रवीण पुलिंथनाथन ने दोनों छात्रों को विद्यालय की असेंबली में सम्मानित और पुरस्कृत करने की घोषणा की। वहीं सीओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। संबंधित थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया गया है। महिला के नहर में छलांग लगाने के कारणों की जानकारी की जाएगी। किसी तरह की परेशानी होने पर पुलिस उसकी मदद करेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें