महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परतावल चौराहे पर पुलिस एवं वनविभाग की संयुक्त टीम ने एक ट्रक साखू और सागौन की लकड़ी बरामद की। साथ ही गोरखपुर और कुशीनगर के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के करमईनी से 225 बोटा लकड़ी लदी थी। आरोपी इसे बिहार के बगहा कस्बे में ले जा रहे थे। टीम उनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार मध्यरात्रि आरटी सेट से पुलिस को सूचना मिली की एक ट्रक लकड़ी पनियरा की तरफ से परतावल की ओर आ रही है। सूचना पाकर श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह हरपुर मार्ग पर निकल पड़े। वहीं परतावल चौकी प्रभारी मनीष पटेल पुलिस बल के साथ परतावल चौक पर घेराबंदी कर ली।
बैरिकेडिंग के पास ट्रक जैसे ही पहुंचा, पुलिस कर्मियों ने रुकने का इशारा किया तो चालक ने गति तेज करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने आगे एक गाड़ी लगा रखी थी। इस वजह से चालक आगे नहीं बढ़ सका। पुलिस ने ट्रक को किनारे लगाकर जांच की तो उसमें 225 बोटा शीशम और सागौन की लकड़ी मिली।
इसी दौरान ट्रक का पीछा करते हुए वन विभाग की टीम रेंजर विजय कुमार मौर्य के नेतृत्व में पहुंची। ट्रक चालक से वैध कागजात दिखाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं दिखा सका। रेंजर ने ट्रक सहित लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया।