अनुपस्थित पाई गईं दो सीएचओ और छह एएनएम को नोटिस जारी
महराजगंज। औचक निरीक्षण में चार में से दो आयुष्मान आरोग्य मंदिर बंद मिलने पर आठ लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह के शुक्रवार के निरीक्षण में दो केंद्र बंद मिले और चारों केंद्रों पर तैनात दो सीएचओ और छह एएनएम अनुपस्थित पाई गईं। डिप्टी सीएमओ ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, डिप्टी सीएमओ डॉ. सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर बांसपार बैजौली बंद मिला। वहां पर तैनात सीएचओ पुनीता गुप्ता और एएनएम प्रियंका पटेल व रीना अनुपस्थित मिलीं। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर दुबौली भी बंद मिला। यहां पर तैनात सीएचओ रोशनी पाल व एएनएम आभा पटेल भी अनुपस्थित मिलीं। आयुष्मान आरोग्य मंदिर नटवा के निरीक्षण के दौरान सीएचओ राधिका मणि उपस्थित मिलींं जबकि एएनएम रागिनी यादव व रीना सिंह अनुपस्थित पाई गईं।
सीएचओ राधिका मणि ने शुक्रवार को पांच ओपीडी और छह ई-संजीवनी की थी। एक अप्रैल से 17 जुलाई तक 694 एनसीडी स्क्रीनिंग के सापेक्ष 118 रेफरल किया गया है। इसी क्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर नेता सुरहुरवा के निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी दीक्षा सचान उपस्थित मिलीं, जबकि एएनएम प्रियंका गुप्ता अनुपस्थित पाई गईं। यहां दीक्षा सचान ने 15 ओपीडी तथा 5 ई संजीवनी की थी, जबकि 746 एनसीडी स्क्रीनिंग के सापेक्ष 119 रेफरल किया गया है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिलीं दोनों सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और छह एएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।