डे केयर सेंटर के रूप में क्रियाशील होगा क्रिटिकल केयर यूनिट
मानव संसाधन और उपकरण मिलने के बाद क्रिटिकल केयर यूनिट में तब्दील होगा भवन
महराजगंज। जिला अस्पताल परिसर में निर्मित 50 बेड के अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट को जल्द ही क्रियाशील किए जाने की तैयारी तेज कर दी गई है। 16.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस तीन मंजिला भवन को सितंबर माह तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
लगभग 4,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने इस क्रिटिकल केयर यूनिट में आईसीयू, वेंटिलेटर, ऑक्सीजन पाइपलाइन समेत गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद मानव संसाधन और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण इसका संचालन समय पर शुरू नहीं हो सका है। अब अस्पताल प्रशासन इसके संचालन को लेकर सक्रिय हो गया है और शासन स्तर पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के लिए पत्राचार किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट भवन को जल्द क्रियाशील करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए शासन को मानव संसाधन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के संबंध में पत्र भेजा गया है। भवन को साफ-सफाई कर उपयोग योग्य बनाया जा रहा है।
डॉ. एके द्विवेदी ने कहा कि जब तक सभी संसाधन पूरी तरह उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक भवन के कुछ हिस्सों का उपयोग डे-केयर कैंसर सेंटर और मौसमी बीमारियों जैसे डेंगू, हीट वेव और अन्य गंभीर रोगों से संबंधित वार्डों के संचालन के लिए किए जाने की योजना है। जेनरेटर और ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था पूरी होते ही भवन को पूरी तरह शुरू कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि सितंबर माह तक 50 बेड का यह क्रिटिकल केयर यूनिट मरीजों के लिए समर्पित कर दिया जाएगा।