गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों के पास से 2283 एंपुल नशे का इंजेक्शन बरामद
नौतनवा। थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव बैरिहवा स्थित एक पुल के पास से बुधवार की दोपहर पुलिस एवं एसएसबी के जवानों ने कार सवार दो व्यक्तियों को नशे के इंजेक्शन के साथ तस्करी के आरोप गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 2283 एंपुल नशे के इंजेक्शन बरामद किया गया। गिरफ्तार दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कस्बा चौकी प्रभारी प्रशांत दुबे एवं सहायक सेनानायक सामान्य समरजीत सिंह के नेतृत्व में जवानों की संयुक्त टीम भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध गतिविधियों के रोकथाम के दृष्टिगत अभियान चलाकर जांच-पड़ताल कर रही थी। इसी दौरान एक कार नेपाल की ओर जाती हुई नजर आई। जिसे बैरिहवा पुल के पास रोककर तलाशी ली गई तो उसमें रखे अलग-अलग ब्रांड के कुल 2283 एंपुल नशीली इंजेक्शन बरामद किए गए। पूछताछ में कार सवार व्यक्ति कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को वाहन और इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि कार को सीज कर दिया गया है। नशे के इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार मो. जिलानी उर्फ जाकिर निवासी बहादुरशाह नगर एवं सुग्रीव निवासी ग्राम गजरहा थाना नौतनवा जनपद महराजगंज के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय चालान किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।