महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र के बरवाभोज गांव के सोनू से लोधपुरवा के रुपेश यादव ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 2,79,343 रुपये हड़प लिए। न्यायालय के आदेश पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी समेत अन्य धारा के तहत केस दर्ज कर लिया।
नौतनवा थाना क्षेत्र के बरवाभोज गांव के सोनू प्रजापति ने न्यायालय में दाखित वाद में बताया कि जनवरी 2024 में सोनौली थाना क्षेत्र के लोधपुरवा गांव के रुपेश यादव से पहचान हुई। उसने बताया की विदेश भेजने का काम कर रहा हूं। छोटा भाई मोनू बेरोजगार है, कहें तो माल्टा की एक बड़ी कंपनी में काम लगवा दूंगा और महीने में 1.5 लाख रुपये मिलेंगे।
उसकी बातों में आकर उसके खाते में बीजा के लिए 88,000 रुपये अपने खाते से 21 सितंबर 2024 को दिया। रुपेश ने बताया कि माल्टा जाने के लिए एयर टिकट 56,305 रुपये, वहां रहने के लिए कमरे के लिए 1,35038 रुपये जमा करना पड़ेगा।
रुपेश को माता बनैलिया मंदिर नौतनवा के पास बुलाया और बातचीत करने के बाद नकद रुपये दे दिया। रुपेश ने भाई मोनू का मूल पासपोर्ट ले लिया और कहा कि एक सप्ताह के अंदर मोनू को माल्टा की बड़ी कंपनी टीए जिम्मी फूड में भेज दूंगा।
रुपेश ने 17 दिसंबर 2024 को फोन किया कि अपने भाई मोनू को लेकर 19 दिसंबर 2024 को सात बजे दिल्ली एयरपोर्ट आ जाओ। वहीं से भाई को माल्टा भेज दूंगा। छोटे भाई मोनू को लेकर दिल्ली पहुंचा तो रुपेश ने माल्टा का एक बीजा टीए जिग्मी फूड का एयर टिकट दिया। पेपर को एयरपोर्ट पर बने बूथ पर चेक कराया तो पता चला कि रुपेश ने जो बीजा दिया है वह कूटरचित है। नौतनवा थानाध्यक्ष पुरूषोत्तम राव ने बताया कि सोनौली थाना क्षेत्र के लोधपुरवा गांव के रुपेश यादव के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धारा के तहत केस दर्ज हुआ है।