निचलौल। भारत नेपाल सरहद से सटे झूलनीपुर एसएसबी कैंप तिराहा से शनिवार रात पुलिस, एसओजी और स्वाट की संयुक्त टीम ने चोरी की छह बाइक नेपाल बेचने जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस रविवार को दोनों के केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
रविवार को थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी अनुज कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक चोरों का गिरोह भारतीय क्षेत्र से बाइक लेकर नेपाल बेचने जा रहा है। सूचना को गंभीरता लेते हुए पुलिस एसओजी और स्वाट टीम को सूचना देते हुए भारत नेपाल सरहद से सटे झुलनीपुर एसएसबी कैंप तिराहा पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया गया।
उनकी निशानदेही पर छह बाइकें बरामद की गई हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम जितेंद्र चौहान निवासी देवराजपुर थाना हाटा तथा दुर्गेश यादव निवासी सुगही थाना रविंद्र नगर धुस जिला कुशीनगर बताया। गिरोह में शामिल आरोपी जितेंद्र सहानी निवासी चैनपुर थाना कोठीभार तथा बलिराम गुप्ता निवासी साहबगंज रामपुर बगहा थाना कप्तानगंज के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। जल्द दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया की वह महराजगंज और कुशीनगर जिले के सीमावर्ती इलाकों से बाइक चुराकर नेपाल में बेंचकर मोटी रकम कमाते हैं।
जितेंद्र पर 13 तो दुर्गेश पर दर्ज हैं पांच केस
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया की गिरफ्तार बाइक चोर जितेंद्र चौहान के खिलाफ कुशीनगर और महराजगंज जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित 13 केस दर्ज हैं। जबकि दूसरे आरोपी दुर्गेश यादव के खिलाफ दोनों जिले के कई थानों में मारपीट, चोरी, लूट सहित पांच केस दर्ज है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।