आभूषण की दुकान से जेवर लेकर भागने का प्रयास
- लोगों ने एक युवक को दौड़ाकर पकड़ा, दूसरा फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
बृजमनगंज। कस्बे में जेवर खरीदने के बहाने दुकान में घुसे बाइक सवार दो युवकों द्वारा आभूषण लेकर भागने का प्रयास किया गया। जिसमें एक युवक को कस्बावासियों ने दौड़ाकर कर पकड़ लिया। वहीं दूसरा युवक भागने में सफल रहा। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने बाइक समेत युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
सोमवार की सुबह 9 बजे बृजमनगंज में स्वर्ण व्यवसायी संजय वर्मा की दुकान पर दो बाइक सवार युवक रुके। अपनी बाइक बाहर खड़ी कर दोनों दुकान में गए। पहले एक चांदी का लाकेट खरीदे जिसका भुगतान कर युवकों ने दुकानदार से सोने के आभूषण दिखाने की बात कही। दुकानदार जेवरात दिखा ही रहा था कि इसी दौरान उचक्के सोने के कुछ जेवरात लेकर भागने लगे। जिसे देख दुकानदार उन्हें पकड़ने का प्रयास करते हुए शोर मचाया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घेराबंदी में बाइक समेत एक युवक को लोगों पकड़ लिया। वहीं दूसरा भागने में सफल रहा। पकड़े गए युवक के आधारकार्ड पर महाराष्ट्र के पुणे का नाम एवं पता है। वहीं बाइक पर लगा नंबर भी वहीं का है। सूचना पाते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। बाइक समेत आरोपित युवक को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह ने बताया कि बाइक समेत आरोपित युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।