-आवश्यक कार्रवाई में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनौली। कोतवाली क्षेत्र के ग्रामजारा में एक व्यक्ति ने समूह के कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
लोगों के अनुसार, गौरी शंकर यादव (53) ने समूह कर्ज लिया था। जिसे वह चुकाने में असमर्थ थे। गौरी शंकर अपनी पत्नी सुभागी यादव के साथ अकेले रहते थे। उनकी दो पुत्रियां थीं, जिनकी शादी हो चुकी है। बृहस्पतिवार की सुबह, जब सुभागी यादव की नींद खुली तो उन्होंने अपने पति को फंदे पर लटका देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने बताया कि गौरी शंकर कर्ज के कारण मानसिक तनाव में थे। कोतवाल सोनौली अंकित सिंह ने बताया कि प्रथम सूचना पर केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं पत्नी ने समूह के कर्मचारियों पर परेशान करने का आरोप लगाया है।