आरओ पनियरा ने नवनिर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य हसखोरी महुअवा ज्ञानती देवी को जीत का प्रमाण पत्र
- फोटो : MAHARAJGANJ
गुर्चिहां में प्रधान पद पर निर्वाचित हुए त्रियुगी
क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर ज्ञानती व पाना निर्वाचित, ग्राम सदस्य बने ओमकार
महराजगंज। त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार को बृजमनगंज व पनियरा ब्लॉक में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारियों की ओर से जारी परिणाम के मुताबिक, बृजमनगंज ब्लॉक के गुर्चिहां में प्रधान पद पर त्रियुगी निर्वाचित हुए। क्षेत्र पंचायत सदस्य मिश्रौलिया पद पर पाना एवं ग्राम सदस्य महुलानी के पद पर ओमकार निर्वाचित हुए। पनियरा में हंसखोरी के क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर ज्ञानती का निर्वाचन हुआ।
सहायक निर्वाचन अधिकारी धनंजय कुमार दूबे ने बताया कि पनियरा ब्लॉक के ग्राम हंसखोरी में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद पर ज्ञानती ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कौशिल्या को 153 मतों से हराया। बृजमनगंज ब्लॉक के गुर्चिहां के प्रधान पद पर त्रियुगी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बलिराम को 26 मतों से हरा दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य मिश्रौलिया पद पर पाना ने अपनी निकटमत प्रतिद्वंद्वी को 332 मतों से हराया। ग्राम सदस्य महुलानी पद पर ओमकार ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी संगीता को पांच मतों से हराया। परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों संग खुशी मनाई। समर्थकों ने भी उन्हें अबीर-गुलाल व फूल-माला से लाद दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चुस्त-दुरुस्त
मतगणना व निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रखी गई थी। पुलिस व प्रशासनिक जिम्मेदारों की देखरेख में प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करा दिया गया।