एक करोड़ बीस लाख रुपये की लागत से जिला अस्पताल परिसर में ट्रामा सेंटर का निर्माण शुरू
महराजगंज। सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को बेहतर ढंग से इलाज की सुविधा जिला अस्पताल में जल्दी मिलने वाली है। अस्पताल परिसर में ट्रामा सेंटर का निर्माण शुरू हो गया। करीब एक सप्ताह पहले नीव की खुदाई शुरू हुई है। ट्राम सेंटर में इलाज के अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिससे गंभीर रूप से घायलों को गोरखपुर नहीं भेजा जाएगा। एक साल के अंदर निर्माण पूरा करना है। कार्य तेजी से किया जा रहा है।
जिला अस्पताल परिसर में एक करोड़ बीस लाख रुपये की लागत से ट्रामा सेंटर बन रहा है। तेजी से निर्माण कराने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया है। एक साल के अंदर भवन बनकर तैयार हो जाएगा। डॉक्टर, नर्स सहित कई कर्मी ट्रामा सेंटर में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा ट्रामा सेंटर में सीटी स्कैन, एमआरआई, अल्ट्रासाउंड, एक्स रे आदि जांच की सुविधा होने से दुर्घटना में घायल मरीजों को त्वरित इलाज मिल सकेगा। ट्रामा सेंटर बनने से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा जिले में ही मिल सकेगी। लोगों ने कहा कि एनएच होने के कारण इस इलाके में आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। गंभीर मरीज को जिला अस्पताल से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया जाता है लेकिन जब ट्रामा सेंटर बन जाएगा तो यहीं त्वरित इलाज संभव हो सकेगा। ट्रामा सेंटर में आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, एक्सरे कक्ष, डॉक्टर रूम, स्टाफ रूम, रिकॉर्ड रूम आदि बनाए जाएंगे।
जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर बन जाएगा तो सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को गोरखपुर रेफर नहीं किया जाएगा। यहां बेहतर सुविधा मिलेगी। जरूरी जांचें यहीं से हो जाएंगी। निर्माण कार्य शुरू हो गया है। करीब एक साल के अंदर भवन का निर्माण पूरा जाएगा। इसके बाद जरूरी मशीनों को मंगाया जाएगा। ट्रामा सेंटर में इलाज में काफी सहूलियत होगी। कार्यदायी संस्था को तेजी से निर्माण कराने के लिए निर्देशित किया गया है। -डॉ.एके राय, सीएमएस