32 केवीए के ट्रांसफार्मर में लगी आग, बारिश शुरू होने से टली जनहानि
सूचना के बाद नया ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई शुरू, ग्रामीणों को जल्द बिजली मिलने की उम्मीद
महराजगंज। सदर ब्लॉक के सवना गांव में शुक्रवार को 6 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 32 केवीए का ट्रांसफार्मर ध्वस्त हो गया। तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे गांव की आपूर्ति ठप हो गई। घटना के दौरान बारिश शुरू हो जाने से आग बुझ गई।
ग्राम प्रधान चेतन वर्मा ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के बाद ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। कुछ ही देर में बारिश शुरू हो जाने से आग बुझ गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल बिजली विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है। ट्रांसफार्मर ध्वस्त होने के बाद गांव में बिजली आपूर्ति बाधित है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर बारिश के मौसम में बिजली आपूर्ति ठप होने से घरेलू कामकाज प्रभावित हो गया है।
अवर अभियंता आलोक वर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर ध्वस्त होने की सूचना मिली है। इसके बाद मौके पर नया ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।