ठूठीबारी। बकुलडीहा लाला टोला समीप मुख्य मार्ग पर नवनिर्मित पुल से मंगलवार को आवागमन शुरू हो जाने से क्षेत्रीय लोगों में हर्ष है। इससे पहले लगा पुल 28 अगस्त 2021 की सुबह बाढ़ के पानी से बहकर क्षतिग्रस्त हो गया था।
जानकारी के अनुसार, पुल के बह जाने से बकुलडीहा, स्कूल टोला, लाला टोला, नदी टोला, बसहवां टोला, बिसौली, चौमुखवां, सुकरहर, समेत नौतनवां क्षेत्र के सीहाभार, जिगनिहवा, कजड़हवा, मल्लाह टोला, अहिरन टोला आदि गांव की लगभग 30 हजार की आबादी का मुख्य संपर्क मार्ग से आना-जाना बंद हो गया था।
इतना ही नहीं क्षेत्र के ग्रामीण ठूठीबारी जाने के लिए तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करके 18 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर आवाजाही कर रहे थे।
इस संबंध में जेई विकास सिंह गौतम ने बताया कि नौडिहवा लालपुर बकुलडीहा मार्ग पर राफ्ट फाउंडेशन के जरिए लघु सेतु निर्माण के लिए 216 लाख रुपये की स्वीकृति मिली थी, मगर काम शुरू करने के दौरान पता चला कि यहां कटान ज्यादा होती है, इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग यूनिवर्सिटी से परीक्षण कराकर पाइल फाउंडेशन पर पुल की डिजाइन बनवाकर पुनरीक्षित बजट से पुल का निर्माण किया गया। इस पुल के रास्ते आवागमन मंगलवार को शुरू कर दिया गया है।
इसको लेकर बकुलडीहा के ग्राम प्रधान ननकू प्रसाद, राकेश चौहान, अनिल कुमार गुप्ता, दुर्विजय सहानी, धर्मेंद्र सहानी, ऋषि राज ने खुशी जाहिर की है।