ठूठीबारी। कोतवाली परिसर में शुक्रवार को नगर इकाई व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारियों की बैठक हुई। बैठक का नेतृत्व कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने किया। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात समस्या, रात्रि गश्त, त्योहारों के समय भीड़ नियंत्रण जैसे मुद्दों को बैठक में रखा।
थानाध्यक्ष ने उन्हें आश्वस्त किया कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी व्यापारियों से आग्रह किया कि वे अपनी दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को हमेशा सक्रिय रखें और समय-समय पर उनकी जांच भी करते रहें। इससे किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में जांच करने में मदद मिलेगी और अपराधियों की पहचान करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है लेकिन सुरक्षा तभी और प्रभावी हो सकती है, जब व्यापारी स्वयं भी सजग रहें और तकनीकी साधनों का सही तरीके से उपयोग करें। कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने दोहराया कि पुलिस व्यापारियों की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और सभी उचित मांगों पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।