टोल टैक्स बढ़ने से व्यवसायियों एवं राहगीरों में निराशा
ट्रांसपोर्ट एवं नेपाल निर्यात को जाने वाली मालवाहक ट्रकों पर बढ़ेगा ार, रोडवेज एवं अन्य सवारी वाहनों के भी किराए में वृद्धि किए जाने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
नौतनवां। राष्ट्रीय राजमार्ग से निजी एवं व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर वाहनों से आवागमन करने वालों के लिए निराशा जनक खबर हैं। छपवा टोल प्लाजा को क्रॉस कर जाने वाले राहगीरों को पहले के एवज में अब लगभग 15 फीसदी अधिक अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के नई गाइडलाइन के अनुसार 31 मार्च की मध्यरात्रि से प्रत्येक टोल प्लाजा ने वाहन पर टैक्स में लगभग 15 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इससे एक तरफ जहां व्यवसाय से जुड़े लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा, वहीं कभी-कभार निजी कार्यों से टोल पार करने वाले लोगों की जेब भी ढीली होगी। डीजल-पेट्रोल के साथ ही अब टोल टैक्स में भी बढ़ोतरी होने से ट्रांसपोर्टेशन एवं सवारी वाहनों के किराए में भी वृद्धि होने की सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
टोल टैक्स की इस बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर देश के विभिन्न बड़े शहरों से नेपाल को निर्यात के लिए आने वाले मालवाहक ट्रकों पर पड़ेगा। यूं तो भारत के अंतिम छोर पर स्थापित छपवा टोल प्लाजा होते हुए प्रतिदिन कार, एलसीवी, मिनी बस, बड़ी बस, मिनी ट्रक एवं बड़ी ट्रकें मिलाकर तकरीबन तीन हजार वाहनों का आवागमन होता है। सबसे अधिक सैकड़ों की संख्या में मालवाहक ट्रक नेपाल के लिए जाते हैं। जिन्हें यहां तक पहुंचने के लिए कई टोल नाकों को क्रॉस करते हुए आना होता है।
---------------
डीजल के दाम बढ़ने से पहले ही कार्य काफी प्रभावित हुआ है। अब ऐसे में टोल टैक्स की वृद्धि भाड़ा बढ़ाने के लिए विवश कर रही है।
अमित सहानी, ट्रांसपोर्टर
-----------
ट्रांसपोर्ट एवं अन्य व्यावसायिक कार्यों से जुड़े वाहनों के टोल टैक्स में वृद्धि महंगाई को बढ़ावा देगी। यदि इसी तरह से पेट्रोलियम पदार्थों एवं अन्य कर में बढ़ोतरी होती रही तो भाड़े में बढ़ोत्तरी किया जाना मजबूरी बन जाएगी।
शिवम दीक्षित, ट्रांसपोर्टर
--------------
एनएचआई की ओर से टोल टैक्स में लगभग 15 फ़ीसदी बढ़ोतरी की संस्तुति की गई है। जो एक अप्रैल से लागू हो जाएगी। फास्टैग लगे वाहनों को निर्धारित टोल टैक्स तथा बिना फास्टैग लगे वाहनों को डबल टोल टैक्स देने के बाद ही आगे जाने की अनुमति होगी।
मुन्ना यादव, प्रबंधक, टोल प्लाजा, छपवा
---------------
टोल टैक्स बढ़ने के आधार पर रोडवेज के किराए में भी बढ़ोतरी की जाएगी। प्रयास रहेगा कि कम से कम किराया बढ़े। यात्री सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा।
पीके तिवारी, आरएम, रोडवेज
---------
टोल प्लाजा पर लगने वाले टैक्स दर
वाहन श्रेणी -दर पहले ---अब
कार ---------------30-----35
एलसीवी/मिनी बस -50---55
बस / ट्रक -----------105-- 115
3 एक्सेल--------------115- 125
4 से 6 एक्सेल---------165--180
ओएसवी---------------200 -220