फरेंदा। क्षेत्र के महदेवा दूबे चौराहे पर मंगलवार की रात में छत के रास्ते स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में चोर घुस कर लाखों रुपये के सोने व चांदी के आभूषण उठा ले गए। दुकानदार की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
फरेंदा थाना क्षेत्र के महदेवा दूबे निवासी आकाश वर्मा चौराहे पर सोने-चांदी, बर्तन व मनी ट्रांसफर की दुकान संचालित करते हैं। यह दुकान उनके घर में ही है। पीड़ित ने दिए गए तहरीर में बताया कि 18 अगस्त की रात में करीब दो बजे के करीब चोर छत के रास्ते दुकान में घुसकर 125 ग्राम सोना व 300 ग्राम चांदी के आभूषण सहित 50 हजार नकद उठा ले गए।
खटपट की आवाज सुनकर कुछ देर बाद नींद खुली तो देखा कि दुकान की आलमारी व ट्रांसफर मनी का लॉकर टूटा हुआ था, दुकान के कुछ सामान भी बिखरे पड़े थे। पीड़ित ने पुलिस को तत्काल सूचना दी। थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है, घटना संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।