निचलौल। सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के निचलौल रेंज अंतर्गत बहुआर खुर्द गांव के तेरह चार नहर में बुधवार को मगरमच्छ दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो लोगों के आने की आहट मिलते ही मगरमच्छ ने नहर में छलांग लगा दिया।
इस घटना की लोगों ने मगरमच्छ की तस्वीर और वीडियो मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। नहर किनारे लोगों की भीड़ जुटने की सूचना पर वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई। निचलौल रेंज के वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि नारायणी-गंडक नहर में कई मगरमच्छ मौजूद हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि मगरमच्छ को देखने के लिए नहर के नजदीक न जाएं और किसी भी स्थिति में पानी में उतरने का प्रयास न करें। उन्होंने बताया कि वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। खासकर अभिभावकों से बच्चों को नहर और नदी के आसपास नहीं जाने देने की अपील की गई है। विभागीय टीम मगरमच्छ की गतिविधियों पर नजर रख रहा है।