महराजगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी समस्या लेकर आते हैं, लेकिन उन्हें आश्वासन की घुट्टी देकर वापस कर दिया जाता है। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में कोई निर्माण न होने से आहत था तो कोई नाम चढ़वाने के लिए परेशान रहा। सीडीओ संतोष कुमार राय ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान 41 मामले आए, जिसमें तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
सीडीओ ने कहा कि निस्तारण पारदर्शी तरीके से और नियमानुसार होना चाहिए। उन्होंने भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस की टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। सदर तहसील के भिटौली की रहने वाली कफरून निशा ने पटीदार पर आरोप लगाया की एक वर्ष से मकान निर्माण में अवरोध किया जा रहा है। जब भी मकान का निर्माण शुरू होता है तो मारपीट कर मकान का निर्माण बंद करा दिया जाता है। कई बार शिकायत की, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं होता है। इसी तरह से करौता के रहने वाले सुरेश की पीड़ा है। इनके दो बेटे थे और एक नाती तीनों की मौत हो गई। एक बहु निरश्रित है। गांव के किनारे 17 डिस्मिल जमीन है। बहू के नाम जमीन करानी है, लेकिन कई महीने से चक्कर काट रहा हूं। जब लेखपाल मौके पर जाते हैं तो विरोधी हंगामा कर देते हैं। समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
नौतनवा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील क्षेत्र के गांव देवपुर निवासी राधेश्याम ने बताया कि उनका टीन शेड मकान पीडब्ल्यूडी सड़क के किनारे था सड़क चौड़ीकरण होने से मकान सड़क में पड़ गया जिससे मकान हटाया जा रहा है। इसके लिए तहसीलदार ने लेखपाल को भूमि उपलब्ध कराने का आदेश दिया। आरोप है कि लेखपाल भूमि के लिए 50 हजार रुपये डिस्मिल मांग रहे हैं।
प्रधानमंत्री आवास मिला है लेकिन भूमि न होने से निर्माण नहीं हो पा रहा है। टेढ़ी टोला गुलरिहवा के रामसेवक ने बिजली का पोल लगाकर बिजली आपूर्ति की मांग की है। छितारापार गांव की गायत्री ने बताया कि उनका टीन शेड का घर है प्रधानमंत्री आवास सूची में नाम है लेकिन ग्राम प्रधान तथा सेक्रेटरी द्वारा आवास नहीं दिया गया। निपनिया गांव की प्रेमकांति ने बताया कि उनकी बैनामा शुदा भूमि पर विपक्षी द्वारा कब्जा किया जा रहा है उन्होंने पैमाइस कराकर चिह्नांकन कराने की मांग की है।
जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान में एसडीएम सदर श्री रमेश कुमार, डीसी मनरेगा करुणाकर अदीब, तहसीलदार सदर अमित सिंह, जिला कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार, एआर कॉपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, सहायक आयुक्त उद्योग राकेश जयसवाल मौजूद रहे।