बरसात में कमर तक भर जाता है पानी, शव ले जाने में दिक्कत, अस्थायी सड़क निर्माण की मांग
बढ़नी। नगर पंचायत क्षेत्र में बने नवनिर्मित श्मशान स्थल तक जाने के लिए रास्ता न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर किसी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए श्मशान स्थल तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है। नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द अस्थायी सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
मिल कॉलोनी निवासी ताराचंद, पिंकू श्रीवास्तव, पंकज समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि सामान्य दिनों में किसी तरह आवाजाही हो जाती है, लेकिन बरसात के मौसम में स्थिति बेहद खराब हो जाती है। बारिश होने पर रास्ते में कमर तक पानी भर जाता है, जिससे शव ले जाने में काफी दिक्कत होती है। कई बार लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि श्मशान स्थल का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए सड़क की व्यवस्था नहीं की गई। ऐसे में अंतिम संस्कार जैसे संवेदनशील कार्य के दौरान लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। नगरवासियों ने मांग की कि बरसात शुरू होने से पहले कम से कम अस्थायी सड़क या खड़ंजा बनवाया जाए, ताकि आवागमन सुचारु हो सके।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी ने बताया कि समस्या उनके संज्ञान में है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी।