महराजगंज। पकड़ी पनियरा मार्ग पर स्थित बलिया नाले पर बने क्षतिग्रस्त पुल के स्थान पर नया पुल निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। वैकल्पिक मार्ग या डायवर्जन की व्यवस्था न होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के पास बलिया नाले पर बने पुराने जर्जर पुल के स्थान पर नए पुल के निर्माण के लिए शासन ने मार्च माह में 3 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से टेंडर स्वीकृत किया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते एक माह पूर्व ही निर्माण कार्य आरंभ हो सका। अब तक केवल फाउंडेशन पर ही काम शुरू हो पाया है। धीमी प्रगति ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
संतोष, मनीष, चंद्रिका, मोलही, राकेश कुमार, बृजेश, विजय, कुमार, अजय और अखिलेश आदि ने कहा कि पुल निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। लोगों ने कहा कि काम शुरू होने की गति सुस्त है। इससे आने वाले दिनों में परेशानी बढ़गी। प्रांतीय लोक निर्माण विभाग खंड के अवर अभियंता सुनील यादव ने बताया कि पुल का निर्माण समय सीमा के अंदर पूरा हो जाएगा। संवाद