फरेंदा। कस्बे में चोरी की घटना के 12 घंटे भी नहीं बीते थे कि चोरों ने दूसरे घर को अपना निशाना बना लिया। कस्बे के वार्ड नंबर 14 सुभाष नगर में सोमवार की रात चोर बंद मकान का ताला तोड़कर आभूषण समेत नकदी उड़ा ले गए।
आनंदनगर के वार्ड नंबर 14 सुबाषनगर निवासी संतोष त्रिपाठी एवं दुर्गेश त्रिपाठी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घर में ताला लगाकर वह किसी कार्य से बाहर गए थे। सोमवार को बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने दो आलमारियों में रखे नकदी, मंगलसूत्र, पायल, सोने की चेन व कान के झुमके चुरा ले गए। मंगलवार दोपहर दुर्गेश तिवारी जब घर पहुंचे तो अलमारी टूटा हुआ था और सारा सामान घर में बिखरा पड़ा था। थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह के अनुसार जांच की जा रही है। संवाद