महराजगंज। रविवार को सर्वाधिक मौसम की तल्खी का असर सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में देखने को मिला। भारी संख्या में बीमार ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचे। इसमें डिहाइड्रेशन व फंगल इंफेक्शन के सर्वाधिक मरीज थे।
फंगल इन्फेक्शन की समस्या से किशोरों के जहां बाल झड़ रहे हैं, वहीं डिहाइड्रेशन के कारण कमजोरी, उल्टी, दस्त से पीड़ित मरीजों की अधिकता रही। 17 मरीज फंगल इन्फेक्शन तो 40 से अधिक डिहाइड्रेशन के कारण विभिन्न समस्याओं के गिरफ्त में पहुंचे थे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उपचार और एहतियात बरतने की सलाह दी।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 896 मरीजों का उपचार दोपहर 2 बजे तक हुआ। डिहाइड्रेशन के कारण उल्टी, दस्त, कमजोरी, भूख न लगने की समस्या लेकर पहुंचे मरीजों की जांच रिपोर्ट देखकर डाॅ. वैभव श्रीवास्तव ने उन्हें निर्जलीकरण प्रभावित बताया।
खानपान में सावधानी के साथ अधिक मात्रा में पानी पीने के साथ नींबू-पानी, इलेक्ट्राल पाउडर, छाछ, ग्लूकोज का घोल लेने की सलाह दिन में चार से पांच बार दी। इसके अलावा उन्हें दवाओं की जानकारी देकर एक सप्ताह तक नियमित सेवन की सलाह दी।
वहीं फंगल इन्फेक्शन किशोर व महिलाओं में अधिक मिला। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि किशोरों में फंगल इन्फेक्शन अधिक मिल रहा क्योंकि यह वर्ग फंगल को हल्के में लेते हैं जिससे समस्या बढ़ती है। फंगल के कारण सिर में छोटे-छोटे दाने पहले उभरते हैं जो खुजली के बाद घाव में तब्दील हो जाते हैं और लोग एंटी बायोपिक क्रीम लगाने लगते हैं, जिसके कारण फंगल ठीक होने की जगह अलग रूप ग्रहण कर लेता है।
एंटी बायोटिक दवा का उपयोग बाल झड़ने की दिक्कत उत्पन्न होती है। ऐसे में फंगल इन्फेक्शन शुरू होते ही तत्काल जांच और उपचार प्रभावी करना जरूरी होता है, जिससे यह जल्द ठीक हो सके, अन्यथा लंबा समय लगता है।
सीएमएस डाॅ. एके द्विवेदी ने बताया कि बढ़ता तापमान लोगों पर अलग-अलग तरीके से प्रभाव डाल रहा है। आने वाले मरीजों को जांच व उपचार की सुविधा दी जा रही है।