मिठौरा। विदेश भेजने के नाम पर कथित तौर पर फर्जी वीजा और टिकट तैयार कर देने के मामले में पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अनवर अली उर्फ फिरोज (33) पुत्र जिलेदार अंसारी, मंगलपुर नंदना, थाना घुघली का रहने वाला है।
पुलिस ने उसे बुधवार को सिंदुरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा से गिरफ्तार किया। चौक क्षेत्र के खोस्टा गांव निवासी विनोद पुत्र भागीरथी ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि विदेश भेजने के नाम पर फर्जी टिकट व वीजा तैयार करके दिया गया।
विवेचना अधिकारी अंकित राय ने मामले में साक्ष्य संकलन के साथ साइबर सेल की मदद ली और वीजा का सत्यापन भी विदेश मंत्रालय से कराया गया। थाना प्रभारी मनीष पटेल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।