ट्रक की चपेट में आकर पिकअप गड्ढे में पलटा, युवक की मौत
सिद्धार्थनगर-महराजगंज सीमा पर हुआ हादसा, चार लोग घायल
फरेंदा/धानी(महराजगंज)। सिद्धार्थनगर-महराजगंज सीमा पर ट्रक की चपेट में आने से पिकअप अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। पिकअप में सवार एक युवक की मौत हो गई। चार अन्य घायल हो गए। घायलों को सीएचसी धानी भिजवाया गया।
धानी क्षेत्र के कानापार निवासी नाजिर (40), सुरेंद्र सहानी (32), जितेंद्र (35) व राजू सहानी (40) तथा कोइलाडाड निवासी रामललित (55) बृहस्पतिवार को दिन में नौगढ़ से पिकअप पर सब्जी लादकर धानी की तरफ आ रहे थे। पिकअप महराजगंज सीमा पर लक्षनपुर भट्ठा के करीब पहुंची थी। इस दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में पिकअप आ गई। अनियंत्रित होकर पिकअप गड्ढे में पलट गई। हादसे देखते देख स्थानीय लोग पहुंच गए तथा घायलों को सीएचसी धानी ले गए, जहां नाजिर की मौत हो गई थी। रामललित की हालत नाजुक है। उसे सिद्धार्थनगर रेफर किया गया है। अन्य तीनों का इलाज धानी में चल रहा है।
हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। दुर्घटना स्थल सिद्धार्थनगर होने के कारण पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि दुर्घटना स्थल सिद्धार्थनगर का है। घायलों का इलाज सीएचसी धानी में चल रहा है।
सब्जी बेचकर परिवार का करता था भरण पोषण
फरेंदा। धानी बाजार में सब्जी बेचकर जीवकोपार्जन करने वाला नाजिर रोज सुबह सिद्धार्थनगर से सब्जी लाता था। बृहस्पतिवार को भी पत्नी से रकम लेकर पिकअप पर सवार होकर सिद्धार्थनगर के लिए चला गया। पत्नी को फोन पर सब्जी खरीद लेने की जानकारी देकर पिकअप पर सवार होगा। पत्नी को नहीं मालूम था कि पति का यह फोर आखिरी है। वह घर से लगभग पांच किमी पहले पहुंचा था कि ट्रक की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई।