लक्ष्मीपुर। दुकान से लाखों के जेवरात उड़ान वाले एक आरोपी को पुलिस ने एक जिंदा कारतूस व देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से उड़ाए गए ज्वेलरी भी बरामद कर ली। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
गोरखपुर नौतनवा हाईवे पर मोहनापुर ढाला एसबीआई बैंक के पास हरिओम ज्वेलर्स व बर्तन की दुकान है। 18 फरवरी को दो युवक बाइक से पहुंचे और ज्वेलरी दिखाने की बात कही। ज्वेलर्स ने उनको देखने के लिए तीन पीस झुमकी, तीन पीस झाला दिया। आरोपियों ने कुछ और ज्वेलरी दिखाने की बात कही। जैसे वह मुड़े आरोपी ज्वेलरी लेकर फरार हो गए थे।
पीड़ित हरिओम वर्मा की तहरीर पर पुरंदरपुर पुलिस ने केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी। मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को पुरंदरपुर क्षेत्र के ग्राम मुडिला के लठ्ठहवा चौराहे से आरोपी जफर हुसैन पुत्र तालिब हुसैन निवासी ग्राम भादी थाना शाहगंज जिला जौनपुर को दो जोड़ी झाला, एक जोड़ी झुमका, 1280 रुपये नकद, एक देशी कट्टा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध कुमार ने बताया आरोपी को जेल भेज दिया गया है।